
Harda News Today: हरदा कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत टिमरनी में आयोजित क्लस्टर स्तरीय कार्यक्रम के दौरान यहां पर अलग-अलग जगह पहुंचकर छात्रावास, आयुष्मान आरोग्य मंदिर, उपभोक्ता भण्डार, मुक्ति धाम, माध्यमिक शाला व आंगनवाड़ी केन्द्र का निरीक्षण किया.
सीनियर उत्कृष्ट कन्या छात्रावास, सीनियर एससी एसटी छात्रावास के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने छात्रावास में छात्राओं की आवासीय व्यवस्था देखी. उनके स्वास्थ्य परीक्षण की जानकारी ली तथा भोजन एवं पेयजल व्यवस्था का निरीक्षण किया.
छात्रावास में बन्द पड़ी बायोमेट्रिक हाजरी मशीन को चालू कराने के दिए निर्देश
कलेक्टर ने छात्रावास में रचनात्मक गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिये. साथ ही सभी छात्रावासों में योग की कक्षाएं नियमित आयोजित करने की बात कहीं. उन्होंने अंग्रेजी की पढ़ाई के लिये विशेष व्यवस्था करने और सीनियर उत्कृष्ट कन्या छात्रावास में बन्द पड़ी बायोमेट्रिक हाजरी मशीन को चालू कराने के निर्देश दिये.
इसके अलावा आयुष्मान आरोग्य मंदिर मुख्यमंत्री संजीवनी क्लिनिक वार्ड क्रमांक 15 में निरीक्षण के दौरान भवन में पानी का कनेक्शन जुड़वाने के निर्देश दिये गये. साथ ही छात्रावासों में रह रहे सभी बच्चों की आभा आईडी तैयार करने के भी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिये गये. उन्होंने कहा कि क्लिनिक में स्टाफ नियमित अपनी सेवाएं दें.
अपात्र उपभोक्ताओं के नाम काटने के दिए निर्देश
वहीं, प्राथमिक सहकारी उपभोक्ता भण्डार के निरीक्षण के दौरान अपात्र उपभोक्ताओं के नाम काटने के निर्देश दिये गये. साथ ही दुकान के सामने खुले नाले को बंद करने के लिये भी नगर पालिका के अधिकारी को निर्देशित किया गया. वार्ड क्रमांक 7 की आंगनवाड़ी के निरीक्षण के दौरान आंगनवाड़ी की गतिविधियों की जानकारी ली एवं पोषण आहार वितरण व्यवस्था देखी.
कलेक्टर ने आंगनवाड़ी में कुपोषित बच्चों के संबंध में भी जानकारी लेकर बच्चों को सुपोषण की स्थिति में लाने के निर्देश दिये. मुक्तिधाम निरीक्षण के दौरान यहां काष्ठ भण्डारण कक्ष की छत की मरम्मत कराने के निर्देश भी दिये गये. नगर पालिका माध्यमिक शाला के निरीक्षण के दौरान प्राथमिक कक्षाओं के बच्चों को बैठने के लिए बैंचेज उपलब्ध कराने के लिए निर्देशित किया. वहां पर कक्षाओं, मध्यान्ह भोजन व्यवस्था एवं बच्चों के टायलेट का भी निरीक्षण किया गया.



